
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो । सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेलो को आत्मनिर्भर पंचायत बनाने की दिशा में तेलो दुर्गा मंदिर सह हनुमान प्रतिमा स्थल परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता तेलो पश्चिमी पंचायत के मुखिया डॉ. जितेंद्र शर्मा ने की।
कार्यशाला का उद्घाटन बोकारो की उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधा कृष्णन, चंद्रपुरा बीडीओ ईश्वर दयाल महतो, सीओ प्रशांत कुमार हेमब्रम, जेबीवीएनएल के मुख्य कार्यपालक अभियंता प्रभाकर कुमार, पीएनबी के मुख्य प्रबंधक विकास पोद्दार समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि आमजनों की सामूहिक भागीदारी से ही तेलो सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकता है। टीम भावना से काम हुआ तो तेलो पूरे भारत में सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में एक मॉडल पंचायत बन सकता है। हर घर में बिजली उत्पादन से लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा और तेलो की नई पहचान बनेगी।
लखन प्रसाद महतो ने बताया कि तीनों तेलो पंचायतों के करीब 1,000 घरों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, बिजली विभाग, बैंक और ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी से तेलो में सौर ऊर्जा की नई क्रांति लाई जा सकती है।
बीडीओ ईश्वर दयाल महतो ने ग्रामीणों से योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ उठाने की अपील की। वहीं जेबीवीएनएल के प्रभाकर कुमार ने सोलर लगाने में आने वाली समस्याओं के समाधान और विभागीय सहयोग का भरोसा दिया l
तेलो मध्य पंचायत के मुखिया युगल महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तेलो के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। पंचायत के अधिक से अधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। सामूहिक प्रयास से हर घर में सोलर लगाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। इससे बिजली बिल में राहत मिलने के साथ-साथ बिजली कटौती की समस्या भी कम होगी और तेलो को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
तेलो पश्चिमी पंचायत समिति सदस्य राजेंद्र महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीणों के लिए काफी उपयोगी योजना है। पंचायत के अधिक से अधिक परिवारों को इस योजना से जोड़ने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीण परिवारों को बिजली बिल में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के सामूहिक प्रयास से तेलो को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर पंचायत बनाया जा सकता है।
कार्यशाला में तेलो मध्य मुखिया युगल महतो, तेलो पूर्वी मुखिया शंकर कुमार महतो, पापलो पंचायत मुखिया कार्तिक महतो, उप प्रमुख रिंकी देवी,तेलों मध्य पूर्व पंचायत समिति योगेंद्र महतो ,तेलों पश्चिमी पंचायत समिति राजेंद्र महतो, झारखंड कुशवाहा सयोग समिति के अध्यक्ष उर्फ धोनी दिनेश महतो,बैंक प्रबंधक सुनील कुमार, अतुल कुमार, जेएसएलपीएस की दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



