गुंजरडीह पंचायत के चटनियाटांड़ में पारंपरिक बरद खूंटा का आयोजन, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे ग्रामीण
लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच दिखा उत्साह, ग्रामीणों की सहभागिता से उत्सवी बना माहौल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। नावाडीह प्रखंड क्षेत्र में झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक परंपराओं को जीवंत रखने के उद्देश्य से गुंजरडीह पंचायत के चट नियाटांड़ स्थित शहीद पप्पू प्रसाद स्टेडियम में पारंपरिक बरद खूंटा का आयोजन किया गया। आयोजनकर्ता गौरी महतो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक तरीके से बरद को सजाकर खूंटे से बांधा गया। वहीं ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज से पूरा स्टेडियम उत्सवी माहौल में सराबोर हो गया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे ग्रामीणों ने लोक परंपराओं के अनुरूप आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
आयोजन के दौरान ग्रामीण संस्कृति, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की सुंदर झलक देखने को मिली। बरद खूंटा जैसे पारंपरिक आयोजन ग्रामीण जीवन में पशुधन के महत्व और लोक आस्था से जुड़े सांस्कृतिक मूल्यों को भी दर्शाते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में व्यवस्थापक दिलीप कुमार महतो, मुंशी महतो, प्रकाश महतो, रोहित महतो चेतलाल महतो ,रेवत महतो,जोधन सिंह एवं बुधन कुमार महतो ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने ग्रामीणों की सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के पारंपरिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण विरासत से जोड़ने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से गांवों में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है।




