नावाडीह में बिजली आपूर्ति और जियो नेटवर्क की लचर स्थिति से जनता परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। नावाडीह क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति और जियो मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती के साथ-साथ मोबाइल नेटवर्क की समस्या ने दैनिक जीवन और जरूरी कामकाज को प्रभावित कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कई बार घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। विशेषकर रात के समय बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और छोटे व्यवसायों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लगातार बिजली की आंख-मिचौली के कारण पेयजल आपूर्ति भी अक्सर बाधित होने से लोगों को अनेकानेक परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
वहीं, जियो मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है। कई स्थानों पर नेटवर्क कमजोर रहने के कारण फोन पर बातचीत के दौरान कॉल कटने, आवाज स्पष्ट नहीं आने तथा इंटरनेट सेवा धीमी होने की शिकायत मिल रही है। ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, सरकारी सेवाओं से जुड़े कार्य और ऑनलाइन कारोबार करने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण कई बार जरूरी फोन कॉल तक नहीं हो पाती है। इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से ऑनलाइन कामकाज में भी बाधा आती है। लोगों ने संबंधित विभाग और नेटवर्क सेवा प्रदाता कंपनी से समस्या की जांच कर स्थायी समाधान की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नावाडीह क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए अनावश्यक कटौती पर रोक लगाई जाए। साथ ही जियो नेटवर्क की तकनीकी समस्या की जांच कर टावर एवं नेटवर्क क्षमता को बेहतर किया जाए, ताकि लोगों को निर्बाध मोबाइल और इंटरनेट सेवा मिल सके।



