बेतुल

बैतूल मिशन स्कूल में धर्म परिवर्तन की सूचना से हड़कंप, दो लोग गिरफ्तार

राष्ट्रीय हिंदू सेना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, जांच-पड़ताल शुरू

हिंदू जागरण मंच व कोरकू समाज संगठन भी थाने पहुंचे
पैर दर्द के इलाज के बहाने धर्म परिवर्तन का आरोप, मिशन स्कूल से दो गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। सदर के ढीमर मोहल्ला स्थित मिशन प्राथमिक शाला में धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास की शिकायत से रविवार को हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय हिंदू सेना से मिली सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में कृष्ण कुमार शेषकर निवासी नायक चारसी, पोस्ट कोलगांव और रायाकिलीग इमैगवे को गिरफ्तार किया है। दोनों के ईसाई समुदाय से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जीन (दनोरा) निवासी 18 वर्षीय सत्यम विश्वकर्मा ने थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक उसके दाहिने पैर में कई दिनों से दर्द था। इलाज की जानकारी मिलने पर वह सदर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात कृष्ण कुमार शेषकर से हुई। आरोप है कि शेषकर ने उसे मिशन प्राथमिक शाला बुलाया। रविवार सुबह करीब 11.30 बजे स्कूल पहुंचने पर उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां पहले से कई लोग मौजूद थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कमरे में उससे कहा गया कि पैर का दर्द ठीक हो जाएगा, लेकिन इसके लिए उसे हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाना होगा। साथ ही नौकरी देने और अन्य लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए जोड़ने पर पैसे देने का प्रलोभन भी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 299, धारा 3(5) तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
– मौके पर किया हनुमान चालीसा का पाठ
मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिशन स्कूल परिसर में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मौके पर हनुमान चालीसा का पाठ कर कथित धर्म परिवर्तन की गतिविधि का विरोध जताया। राष्ट्रीय हिंदू सेना, हिंदू जागरण मंच और कोरकू समाज संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे। संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी है।
कोतवाली थाने में राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, हिंदू जागरण मंच के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र साहू,  जिला सह संयोजक बंडू लिखितकर, जिला कार्यकारिणी सदस्य श्याम साहू, राजू तुमराम, समाजसेवी गोलू उघड़े, विभाग अध्यक्ष दीपक कोसे, नगर युवा अध्यक्ष शनि साहू, गौ क्रांति दल अध्यक्ष दिनेश कालभोर, गायत्री परिवार सदस्य उत्तम गायकवाड़, सहित रोहित दिवान, मनथन साहू, विदित मालवी, नवीन योगी और प्रिंस साहू मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button