बेतुल

बैतूल हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: आजाद

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम महिलाओं से हुई सार्थक चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
आठनेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू सेवा अभियान के तहत नगर के हनुमान मोहल्ला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 06 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला हितग्राहियों ने सहभागिता की। महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को भी सुना गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी कैलाश आजाद ने महिलाओं से सीधा संवाद किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण माह, संतुलित आहार, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, घरेलू हिंसा की रोकथाम, नशामुक्ति और बाल विवाह रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
कैलाश आजाद ने कहा कि शासकीय योजनाओं की सफलता तभी सार्थक होगी, जब उनका लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। सेवा का वास्तविक भाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझना और उसे शासन की योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।
– महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड क्रमांक 01 की पार्षद प्रियंका सुनील राठौर ने भी महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
आंगन मिलन के दौरान महिलाओं ने अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया। अतिथियों ने उनकी समस्याएं सुनते हुए योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की। कार्यक्रम में सेवा, संवाद और जनकल्याण की भावना दिखाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता कनाठे ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी शिवम नायक, आंगनवाड़ी सहायिका संगीता घोरसे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंदा मगरदे, उर्मिला गायकवाड़ एवं खातून बी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button