मरीगांव के कपिली नदी में अवैध रेत खनन का आरोप
मरीगांव रेंजर मुनमी गोगोई पर कार्रवाई न करने की सवाल।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के मरीगांव रेंज के अधीन धर्मकुंड-गरुबंधा क्षेत्र में कपिली नदी से अवैध रेत खनन जारी रहने का गंभीर आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि नदी किनारे भारी मशीनों से रेत निकाली जा रही है, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी रोकथाम या कानूनी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। आरोप यह भी है कि इस क्षेत्र में रेत खनन की गतिविधि लंबे समय से चल रही है, फिर भी मरीगांव रेंज अधिकारी मुनमी गोगोई के नेतृत्व वाले रेंजर कार्यालय की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई है । स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों पर किसी प्रकार का दबाव होने से कार्रवाई रुकी हुई है या मरीगांव रेंजर को किसी तरह वन माफिया द्वारा “मैनेज” किया गया है। हालांकि, यह आरोप अभी तक आधिकारिक रूप से सत्यापित नहीं हुआ है। बता दें कि पहले भी कपिली और कोलोंग नदियों में मशीनों से रेत निकालने तथा अधिकारियों की उदासीनता के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों पर तत्कालीन रेंज अधिकारी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया था। कपिली नदी के किनारों से बिना अनुमति और नियंत्रण के रेत निकालने से किनारा कटाव, मिट्टी क्षरण तथा जलीय जीवन को नुकसान का खतरा बढ़ सकता है। खबर है कि अत्यधिक खनन से क्षेत्र की सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और पर्यावरण प्रदूषित हुआ है। रेत को असम में लघु खनिज माना जाता है। इसके खनन के लिए पर्यावरणीय मंजूरी के साथ निकाली जाने वाली रेत की मात्रा और खनन की गहराई संबंधी शर्तें तय की जाती हैं; इन शर्तों के बिना खनन को अवैध माना जाता है। बोरीबाड़ी सहित आसपास के गांवों के लोगों की मांग है कि धर्मकुंड-गरुबंधा क्षेत्र में तत्काल जांच की जाए। लोगों का कहना है कि अवैध खनन को तुरंत रोका जाए और इसमें शामिल जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन विभाग की निगरानी प्रभावी नहीं हुई, तो नदी का पारिस्थितिक तंत्र और आसपास के गांवों को बड़ा नुकसान हो सकता है। सचेत मंडली वन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इन मामलों में हस्तक्षेप की मांग कर रहे है। अब सवाल यह है कि मरीगांव रेंजर मुनमी गोगोई इस मामले में कब और कैसी कार्रवाई करेंगी? किस वजह से इतना सबकुछ होने के बाद भी रेंजर कार्यालय पीछे हटा हुआ है? क्या सचमुच रेंजर मुनमी गोगोई वन माफिया द्वारा मेनेज होने के कारण यह सब देखकर भी अनदेखी कर रहे हैं? जागरूक जनता वन विभाग के उच्च अधिकारियों और वनमंत्री से इन सबके ऊपर पारदर्शी जांच और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे है।



