खैरथल
वृद्धजनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी
अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सम्मान एवं पौधारोपण कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय अंबेडकर बालक छात्रावास, खैरथल में अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सम्मान एवं पौधारोपण कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों के सम्मान, उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा पीढ़ियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का मंच सचालन एवं अतिथियों का स्वागत कौशल्यम इंस्टीट्यूट की छात्रा गरिमा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अजीत कुड़ी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्वयंसिद्धा आश्रम के संचालक रूपचंद गुर्जर ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए स्वयं सिद्धा आश्रम की गतिविधियों एवं वृद्धजनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वृद्धावस्था : वरदान या अभिशाप विषय पर सुबोध चंद्र शर्मा ने विचार व्यक्त किए।
कौशल्यम इंस्टीट्यूट की छात्रा प्रिया चौधरी ने ‘पीढ़ीगत अंतर एवं समन्वय’ विषय पर प्रभावी संबोधन दिया। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी, खैरथल-तिजारा महेन्द्र कुमार ने वृद्धजनों से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी देते हुए उनके सम्मान एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वृद्धजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रवीण भारद्वाज द्वारा दी गई। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर, माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही छात्रावास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सम्मान एवं पौधारोपण कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।
