बरेली
बरेली-लालकुआं रेलवे ट्रैक पर युवक की जान बचाने वाले दो पुलिसकर्मियों को SSP ने किया सम्मानित, 5-5 हजार का इनाम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा थाना देवरनियां क्षेत्रान्तर्गत बरेली-लालकुआं रेल लाइन पर पारिवारिक कलह के कारण आत्महत्या के उद्देश्य से लेटे व्यक्ति की जान बचाने वाले 02 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र व 5000-5000 रू0 के नकद पुरस्कार से किया गया सम्मानित। थाना देवरनियां क्षेत्रान्तर्गत कनमन के पास एक 31 वर्षीय व्यक्ति गृह क्लेश के कारण आत्महत्या के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर लेट गया। इसी दौरान बरेली-लालकुआं ट्रेन उसके नजदीक पहुंच रही थी। रेलवे ट्रैक पर व्यक्ति को लेटा देखकर गश्त कर रहे थाना देवरनियां पर नियुक्त उ0नि0 शेखर खोखर एवं आरक्षी आकाश कुमार ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल उच्च स्तर की सजगता, साहस एवं व्यावसायिक दक्षता का परिचय दिया तथा ट्रेन के पहुंचने से पूर्व दौड़कर व्यक्ति को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिसकर्मियों द्वारा व्यक्ति की काउंसलिंग कर उसे समझाया गया तथा उसके परिजनों को मौके पर बुलाकर सकुशल उनके सुपुर्द किया गया।




