मेरठ

ललियाना के मुख्य मार्ग पर जलभराव, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण परेशान

 नालियों की सफाई और स्थायी जल निकासी की मांग, ग्राम प्रधान ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

किठौर। थाना क्षेत्र के गांव ललियाना में मुख्य मार्ग पर जगह-जगह जलभराव होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सड़क पर पानी जमा होने के कारण रास्ते में कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना इसी जलभराव वाले मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो जाता है। कई स्थानों पर सड़क पर कीचड़ फैलने से राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष परेशानी होती है। स्कूली बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से मुख्य मार्ग की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है।

वहीं, ग्राम प्रधान फहीम तनवीर ने बताया कि जल निकासी की समस्या को लेकर जल्द ही नालियों की सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी सुचारु कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button