
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में मध्यान्ह भोजन योजना की व्यवस्था भुगतान लंबित होने के कारण प्रभावित होने लगी है। महिला स्व-सहायता समूहों को पिछले 4 से 5 माह से सामग्री की राशि तथा विद्यालयों में भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को मानदेय नहीं मिलने की बात सामने आई है। भुगतान में देरी के चलते कई समूह आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
ग्रामीण अंचलों के कई विद्यालयों में स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कुछ स्कूलों में पिछले कई सप्ताह से मध्यान्ह भोजन तैयार नहीं हो पा रहा है। समूहों के पास राशन और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए पर्याप्त राशि नहीं बची है, जिसके चलते भोजन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
बताया जा रहा है कि यदि लंबित भुगतान जल्द नहीं किया गया तो इसका असर शहरी क्षेत्र के विद्यालयों पर भी पड़ सकता है। स्व-सहायता समूहों और रसोइयों के सामने आर्थिक संकट बना रहा तो वे भी मध्यान्ह भोजन तैयार करने में असमर्थ हो सकते हैं। इससे जिले के हजारों स्कूली बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
समूहों और रसोइयों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि लंबित सामग्री राशि एवं मानदेय का शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था नियमित रूप से संचालित हो सके।



