बेतुल

बैतूल बस्ता जमा, कलम बंद, पटवारियों ने किया शंखनाद

स्वामित्व निष्पादन योजना के विरोध में पटवारियों का आंदोलन शुरू

450 पटवारियों ने जमा किए बस्ते

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बैतूल। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना के अंतर्गत पटवारियों को निष्पादन संबंधी दायित्व सौंपे जाने तथा बैतूल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पटवारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई के विरोध में मप्र पटवारी संघ ने आंदोलन तेज कर दिया है। संघ के जिला अध्यक्ष मोहनलाल धुर्वे ने बताया कि जिला बैतूल की सभी तहसीलों के लगभग 450 पटवारियों ने अपने-अपने बस्ते संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर कलमबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल का आगाज कर दिया। पटवारियों द्वारा अपने अभिलेखीय कार्यों से संबंधित बस्ता तहसील कार्यालय में जमा कर आंदोलन में शामिल होने की सूचना दी गई है। पटवारी संघ का कहना है कि स्वामित्व निष्पादन योजना के अंतर्गत पटवारियों को निष्पादक बनाए जाने के विरोध में पूर्व में भी शासन को ज्ञापन एवं मांग-पत्र दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस कार्य को लेकर पटवारियों पर की गई कार्रवाई के बाद विरोध तेज किया गया है। संघ के अनुसार, वर्तमान आंदोलन का मुख्य उद्देश्य पटवारियों को स्वामित्व योजना में निष्पादन संबंधी दायित्व दिए जाने पर स्पष्ट कानूनी एवं प्रशासनिक स्थिति सुनिश्चित करना तथा इस कार्य के संबंध में पटवारियों पर की जा रही कार्रवाई का विरोध करना है। जिला बैतूल की सभी तहसीलों में एक साथ बस्ता जमा होने से राजस्व विभाग में हलचल बढ़ गई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों के निराकरण और शासन स्तर पर उचित निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की रणनीति पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button