सिंगरौली
सिंगरौली में 10 पटवारी निलंबित, शासकीय कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर की कार्रवाई
फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी और सीएम हेल्पलाइन के मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर गिरी गाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में शासकीय कार्यों में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर 10 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण सहित शासन की विभिन्न प्रमुख योजनाओं से जुड़े कार्यों में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने यह कार्रवाई की है।
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। वहीं, सीएम हेल्पलाइन में दर्ज नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करना प्रशासन की जवाबदेही है। इन कार्यों में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
इन पटवारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित पटवारियों में माड़ा तहसील के राजेश शाह (हलका अमिलिया एवं सुहिरा) और संदीप अग्रहरी (हलका नगुआ एवं करसुआलाल) शामिल हैं। सिंगरौली ग्रामीण क्षेत्र से अहमद सिद्दीकी (हलका पिपरकुर्द) और विवेक द्विवेदी (हलका सोलांग) पर कार्रवाई की गई है।
इसी तरह चितरंगी तहसील के विजय सिंह (हलका उड़नी) और शिव कुमार लाकरा (हलका गोपला), दुधमनिया तहसील के धर्मराज गोस्वामी (हलका चीनगो) और तीरथ यादव (हलका सिल्फोरी) को निलंबित किया गया है। देवसर तहसील के कुसेड़ी हलके के पटवारी श्याम लाल सिंह तथा बरगवां तहसील के उज्जैनी हलके की गूंजेश्वरी प्रसाद जायसवाल भी निलंबित किए गए हैं।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी, सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और आम नागरिकों से सीधे जुड़े कार्यों में लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में लापरवाही अथवा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



