बरेली
एसआरएमएस रिद्धिमा में तीन दिवसीय ‘कथांगिक – कथक कार्यशाला’ का समापन
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस रिद्धिमा में 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय ‘कथांगिक – कथक कार्यशाला’ का आज समापन हुआ। शुभारंभ प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना विदुषी ममता महाराज ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान एडवाइजर डॉ. रीता शर्मा मौजूद रहीं।
विदुषी ममता महाराज पद्म विभूषण पं. बिरजू महाराज की सुपुत्री और लखनऊ घराने की प्रतिष्ठित कलाकार हैं। उन्होंने 47 प्रतिभागियों को भाव, पद-संचालन, तत्कार, चक्कर, अभिव्यक्ति तथा तीनताल में जनसम्मोहिनी तराना, तिहाई, टुकड़ा, परमेलू, लड़ी का प्रशिक्षण दिया। पं. बिंदादीन महाराज रचित ठुमरी ‘आवत श्याम लचक चले’ पर भी विशेष प्रशिक्षण हुआ। कार्यशाला में कथक गुरु देबज्योति नस्कर, रियाश्री चटर्जी, अंशु शर्मा, गायक सात्विक मिश्रा, हारमोनियम पर पवन भारद्वाज, सितार पर सीमा और तबले पर अमरनाथ का सहयोग रहा। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए।



