रवींद्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज में महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता शिविर

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रवींद्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज में ‘गवर्नमेंट स्कीम्स फॉर वूमेन इम्पॉवरमेंट’ विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने सरस्वती माता के चित्र पर फूल अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों और सरकार की लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से किस प्रकार सहायता ली जा सकती है। इस दौरान कक्षा 10 में सर्वाधिक अंक पाने वाली प्रथम, द्वितीय और तृतीय छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। शिविर में महिला कल्याण विभाग से रिंकी सैनी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम 1930, पुलिस 112 और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या वंदना मिश्रा, महिला थाना प्रभारी छवि सिंह, महिला कल्याण विभाग से हरविंदर कौर तथा पैरा लीगल वॉलंटियर भुवनेश कुमार यादव, प्रभा गंगवार और पूजा सिंह का विशेष सहयोग रहा।



