गोड्डा
सात महीने से पेंशन का इंतजार, बसंतराय में लाभुकों का फूटा आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। दिव्यांग, वृद्ध एवं विधवा पेंशन का पिछले करीब सात महीने से भुगतान नहीं होने को लेकर बसंतराय प्रखंड कार्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। भाजपा के पूर्व विधायक अमित मंडल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में वृद्ध, दिव्यांग और विधवा लाभुक शामिल हुए। लाभुकों का कहना है कि लगातार सात महीने से पेंशन की राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन पर निर्भर बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के लिए यह राशि रोजमर्रा की जरूरतों का महत्वपूर्ण सहारा है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण कई लाभुकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पेंशन भुगतान में देरी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट के सामने सफेद कपड़े से ढकी प्रतीकात्मक अर्थी निकाली गई। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक अमित मंडल के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने “हेमंत सरकार हाय-हाय” और “मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए लंबित पेंशन का जल्द भुगतान करने की मांग की।
धरना स्थल पर एक महिला लाभुक अपनी परेशानी बताते हुए भावुक हो गईं। महिला ने रोते हुए पेंशन नहीं मिलने से हो रही कठिनाइयों को सामने रखा। प्रदर्शन में शामिल अन्य लाभुकों ने भी अपनी समस्याएं बताते हुए प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सात महीने से पेंशन नहीं मिलने की समस्या की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को भी है, इसके बावजूद अब तक लाभुकों को राशि नहीं मिल सकी है। लाभुकों ने प्रशासन से मांग की कि लंबित पेंशन का तत्काल भुगतान कराया जाए और भविष्य में पेंशन भुगतान में अनावश्यक देरी न हो। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा के पूर्व विधायक अमित मंडल और लाभुकों ने प्रशासन एवं सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया और जरूरतमंद लोगों को जल्द राहत देने की मांग की।



