बरेली

साइबर ठगी में खाते सप्लाई करने वाला रिमांड पर

किराए के कमरे से पासबुक-एटीएम बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपी को 8 घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर बरामदगी की है। आरोपी की निशानदेही पर बारादरी के सैलानी स्थित किराए के कमरे से पासबुक, डेबिट कार्ड, मोबाइल व सिम बरामद किए गए। थाना साइबर क्राइम पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 58/2026 धारा 318(4), 61(2) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट में पुलिस ने 2 अक्टूबर को फर्जी पते पर खाते खुलवाने के आरोप में दिल्ली के विशाल पुत्र बाबूलाल और सचिन गुप्ता पुत्र पप्पू गुप्ता को गिरफ्तार कर 27 पासबुक-चेकबुक और 12 एटीएम कार्ड बरामद किए थे। जांच में हनुमानगढ़ (राजस्थान) की साइबर शिकायत संख्या 32709260106730 से जुड़ा 1.10 लाख का लेनदेन विशाल के यूको बैंक खाते में मिला। इसी कड़ी में नामजद आरोपी शोएब पुत्र युसुफ निवासी सनौआ, सीबीगंज को रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दिल्ली से युवकों को बुलाकर पैसों का लालच देकर खाते खुलवाए जाते थे और बदायूं के एक व्यक्ति व दिल्ली में नाइजीरियाई व्यक्ति को खातों का विवरण दिया जाता था। बरामदगी के बाद आरोपी को वापस जेल भेज दिया गया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, निरीक्षक सिद्धार्थ तोमर, उप निरीक्षक गुरमीत तोमर, हेड कांस्टेबल विलेश कुमार और हरेंद्र कुमार की टीम ने की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button