सिंगरौली
पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली: पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । सिंगरौली जिले के कोतवाली वैढ़न थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को पीड़िता की मां कविता साकेत (परिवर्तित नाम) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 23 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे उनकी पांच वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची का रिश्ते में दूर का नाना लगने वाला छोटेलाल साकेत (परिवर्तित नाम) उसे एक अन्य बच्चे के साथ मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने देवरा में बनी गांव की गौशाला की तरफ ले गया। आरोप है कि वहां दूसरे बच्चे को बाहर खड़ा कर आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर डराया-धमकाया।
बच्ची की तबीयत बिगड़ने और दर्द होने पर माता-पिता ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज के.एम. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार की सतत निगरानी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जा रहा है।
पुलिस टीम का योगदान: थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, उपनिरीक्षक रूपा अग्निहोत्री, उपनिरीक्षक शिवम सिंह, प्रधान आरक्षक रानी सिंह, आरक्षक सविता सिंह और प्रभारी आशीष त्रिपाठी का सराहनीय योगदान रहा।



