सिंगरौली

व्यापारियों की सुरक्षा और बाजारों की व्यवस्था को लेकर पुलिस की अहम बैठक

सीसीटीवी निगरानी से लेकर अतिक्रमण तक पर चर्चा

एसपी षियाज के.एम. के निर्देशन में हुई बैठक में यातायात सुधार, शराब दुकानों के समय पालन और अवैध मादक पदार्थों पर कार्रवाई को लेकर बनी रणनीति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में व्यापारियों की सुरक्षा, बाजारों में बेहतर व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में रूस्तम जी कांफ्रेंस हॉल में हुई बैठक में बाजारों की समस्याओं, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक विन्ध्यनगर हेमंत कुमार सिंह ने व्यापारी प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, शराब दुकानों के संचालन, संदिग्ध गतिविधियों तथा मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई जैसे विषय प्रमुखता से उठे।
सीसीटीवी कैमरों से संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी नजर
बैठक में प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त कैमरे लगाने का विषय भी चर्चा में आया। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
जाम, पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई की जरूरत
शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में यातायात बाधित होने तथा अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर भी चर्चा हुई। गल्ला मंडी और सब्जी मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने की आवश्यकता बताई गई। बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के निराकरण तथा खराब ट्रैफिक सिग्नलों की मरम्मत कराने पर भी ध्यान आकर्षित किया गया।
बैठक में नगर निगम और विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर बाजारों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने, अतिक्रमण हटाने और सीसीटीवी कैमरों के लिए आवश्यक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के विषय पर भी चर्चा हुई।
शराब दुकानों के समय और नशे के अवैध कारोबार पर नजर
पुलिस ने शराब दुकानों को निर्धारित समय के अनुसार रात्रि 11:30 बजे तक बंद कराने और नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई करने के मुद्दे पर भी चर्चा की। इसके अलावा शहर में समूहों में आने वाले भिक्षावृत्ति करने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई पर विचार किया गया। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय पर जोर
नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार सिंह ने व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की आवश्यकता बताई।
बैठक में बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी, विन्ध्यनगर थाना प्रभारी आराधना सिंह, नवानगर थाना प्रभारी राजेन्द्र पाठक, जयंत चौकी प्रभारी पवन कुमार सिंह, बंधौरा चौकी प्रभारी संदीप नामदेव सहित व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से शहर की सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना नजदीकी थाना, पुलिस चौकी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049134457 पर दी जा सकती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button