कानपुर
एक नई मुस्कान के साथ जरूरतमंद बच्चों की दीपावली खुशहाल बनाने की पहल
क्विक फाइव फैमिली फाउंडेशन का बर्रा में कार्यक्रम, बच्चों को नए वस्त्र वितरित करने का लक्ष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : क्विक फाइव फैमिली फाउंडेशन, कानपुर के तत्वावधान में रविवार को बर्रा में ‘एक नई मुस्कान’ दीपावली विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की दीपावली खुशहाल बनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है। संस्था ने दीपावली के अवसर पर 3500 बच्चों को नए वस्त्र वितरित करने का लक्ष्य रखा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज सिंह उपस्थित रहे। आयोजन में संस्था के मार्गदर्शक सुधीर भाई मिश्रा, अध्यक्ष पंकज तिवारी, संजय श्रीवास्तव, राजीव भट्ट और सत्य प्रकाश मिश्रा की प्रमुख सहभागिता रही।
कार्यक्रम के आयोजक पंकज तिवारी ने बताया कि संस्था का प्रयास है कि दीपावली पर जरूरतमंद बच्चों को नए कपड़े देकर उनके जीवन में खुशियां लाई जाएं। समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना ही संस्था की सेवा भावना का प्रमुख उद्देश्य है। क्विक फाइव फैमिली फाउंडेशन, कानपुर की कोर कमेटी के सदस्य संजय श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था पिछले एक वर्ष से लगातार समाजसेवा के विभिन्न कार्य कर रही है। संस्था जरूरतमंदों की सहायता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, परिवहन सुविधा और बच्चों की शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था की सेवा यात्रा आगे भी जारी रहेगी।
एक वर्ष में संस्था ने खड़े किए सेवा के कई संसाधन
क्विक फाइव फैमिली फाउंडेशन संस्था ने समाजसेवा के क्षेत्र में कई पहल की हैं। इनमें अपना कॉल सेंटर स्थापित करना, ऑटो एंबुलेंस सेवा शुरू करना, 100 यूनिट क्षमता का ब्लड बैंक तैयार करना, साउंड सिस्टम और टेंट व कार्यक्रम सामग्री की व्यवस्था करना शामिल है। संस्था ने क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी शुरू की है। इसके अलावा, पालिवाल डायग्नोस्टिक सेंटर में 30 प्रतिशत तक विशेष छूट और अस्पतालों में 40 प्रतिशत तक विशेष लाभ की सुविधा का उल्लेख किया गया है। संस्था के अनुसार, एक वर्ष में सात जिलों से बढ़कर 17 जिलों तक और राजस्थान के गंगानगर तक सेवा गतिविधियों का विस्तार हुआ है। दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित परिवारों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का संकल्प भी संस्था की प्रमुख पहलों में शामिल है।



