गोड्डा
विसंगति के मामले में आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। पथरगामा प्रखंड सभागार में सोमवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी निशा तिर्की की अध्यक्षता में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक लेवल पदाधिकारी, ब्लॉक लेवल सुपरवाइजर एवं शिक्षकों ने भाग लिया। बैठक में एसआईआर कार्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान जिन मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित नोटिस प्राप्त हुआ है, उनसे अपने आवश्यक कागजात तैयार रखने की अपील की गई। मतदाताओं से कहा गया कि वे अपने दस्तावेज सुरक्षित रखें। संबंधित ब्लॉक लेवल पदाधिकारी उनसे संपर्क कर आवश्यक कागजात प्राप्त करेंगे, ताकि दस्तावेजों की जांच कर संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा सके।मतदाताओं को नाम, जन्मतिथि, माता-पिता के नाम या मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की विसंगति के मामले में आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई। इसमें जन्म प्रमाणपत्र, स्कूल प्रमाणपत्र, पुराना मतदाता पहचान पत्र अथवा संबंधित अन्य दस्तावेज शामिल हो सकते हैं। हालांकि, आवश्यक कागजात नोटिस में उल्लिखित विसंगति के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। बैठक का उद्देश्य एसआईआर कार्य को सुचारु रूप से पूरा करना तथा नोटिस प्राप्त मतदाताओं की दस्तावेज संबंधी समस्याओं का निराकरण करना है। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने एसआईआर से संबंधित कागजात तैयार रखें और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी नितेश कुमार गौतम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण कुमार पांडेय आदि उपस्थित थे।


