अनियंत्रित कंटेनर कॉलेज की दीवार तोड़कर गन्ने के खेत में घुसा, चालक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित कांधला कॉलेज के समीप मंगलवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर कॉलेज की दीवार तोड़ते हुए सीधे गन्ने के खेत में जा घुसा। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हादसे के दौरान किसी के मौजूद नहीं होने से कॉलेज प्रशासन ने राहत की सांस ली। कॉलेज के छात्र प्रेम ने बताया कि अचानक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर कॉलेज की दीवार तोड़ते हुए गन्ने के खेत में जा घुसा। उन्होंने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था। यदि वहां छात्र या अन्य लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उधर, मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

