शामली

विधायक ने उठाईं बिजली समस्याएं, ऊर्जा मंत्री से मिले

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्याओं को लेकर विधायक अशरफ अली खान ने लखनऊ में आयोजित विधानसभा समिति की बैठक में मुद्दे उठाए। उन्होंने प्रमुख सचिव के समक्ष विद्युत उपकेंद्रों पर ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने और ग्रामीण आबादी तक बिजली पहुंचाने की मांग रखी। इसके बाद विधायक ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

विधायक अशरफ अली खान ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति (2025-2026) की बैठक में ग्राम यारपुर और अम्बेहटा याकुबपुर स्थित विद्युत उपकेंद्रों पर बढ़ते विद्युत भार का मुद्दा उठाया। उन्होंने दोनों उपकेंद्रों पर पांच-पांच एमवीए के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लगाने अथवा मौजूदा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 10-10 एमवीए करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण किसानों, नलकूप उपभोक्ताओं और ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।

विधायक ने ग्राम उस्मानपुर की बाहरी आबादी तक विद्युत लाइन पहुंचाने की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि पुरानी आबादी और नई बस्ती के बीच रेलवे लाइन होने के कारण बिजली पहुंचाने में कठिनाई आ रही है। करीब एक किलोमीटर दूर से लाइन लाने का खर्च संबंधित परिवारों के लिए उठाना मुश्किल है। ऐसे में उन्होंने इस समस्या का समाधान कर ग्रामीण परिवारों को राहत देने की मांग की।

विधायक ने प्रमुख सचिव और ऊर्जा मंत्री से दोनों समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ने और बाहरी आबादी तक बिजली पहुंचने से क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button