शामली
श्रीमद्भागवत कथा के पांचवे दिन झूमे श्रद्धालु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : नगर के कैराना मार्ग स्थित सिद्ध पीठ श्री माता वैष्णो देवी मंदिर एवं रामलीला मैदान में आयोजित 21 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के 5वे दिन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान आचार्यों के सानिध्य में विधि-विधान के साथ यज्ञ संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति की कामना के साथ यज्ञ कुंडों में आहुतियां समर्पित कीं। दोपहर के समय माता वैष्णो देवी मंदिर के प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के पंचम दिवस की कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, गोपियों के प्रेम, गोवर्धन पूजा और भगवान की भक्तवत्सलता से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति का महत्व समझाया। महाराज श्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ का श्रवण नहीं, बल्कि जीवन को सदाचार, प्रेम, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलाने का माध्यम है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं के माध्यम से संसार को संदेश दिया कि सच्ची श्रद्धा और निष्काम भक्ति से ही ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने गोवर्धन पूजा के प्रसंग का वर्णन करते हुए प्रकृति, गौमाता और पर्यावरण के संरक्षण का महत्व भी बताया।
कथा के दौरान भजनों और धार्मिक प्रसंगों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजनों पर झूमते नजर आए। आयोजन स्थल पर दिनभर धार्मिक गतिविधियां जारी रहीं। महायज्ञ एवं भागवत कथा में नीधीश कुमार मित्तल, शरद कुमार मित्तल, तेज सिंह मित्तल, यज्ञ प्रभारी शशि भूषण शर्मा, अभिषेक शर्मा, बृजमोहन शर्मा, प्रमोद शर्मा, गुलशन खन्ना, सहित नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।