शामली

सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स ने डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला :  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक स्टाफ नर्स ने अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर और उसके दो सहयोगियों पर मानसिक प्रताड़ना सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। स्टाफ नर्स ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक स्टाफ नर्स ने अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर तथा उनके दो सहयोगियों के खिलाफ शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल में तैनात डॉक्टर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और बुरी नीयत रखते है। आरोप है कि उनसे प्रसव सहित अन्य मरीजों के माध्यम से प्रतिमाह रुपये कमाकर देने का दबाव बनाया जा रहा है। स्टाफ नर्स के अनुसार आरोपित डॉक्टर द्वारा उनसे हर माह हजारों रुपये की मांग की जा रही है।  आरोप है कि मांग पूरी नहीं करने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत कर नौकरी से निकलवाने तथा सर्विस बुक में प्रतिकूल टिप्पणी दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि पांच दिन पहले रात के समय आरोपित डॉक्टर  ने कथित रूप से शराब के नशे में फोन कर उन्हें अपने कमरे में आने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया। स्टाफ नर्स के अनुसार जब उनके भाई ने चिकित्सा अधीक्षक से फोन पर बात कर उनके व्यवहार पर नाराजगी जताई तो चिकित्सा अधीक्षक ने उनके भाई के खिलाफ ही धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी। अस्पताल में तैनात आरोपित डॉक्टर ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि स्टाफ नर्स द्वारा मनमाने ढंग से कार्य किया जा रहा था। इसको लेकर जब उन्होंने सख्ती दिखाई तो नर्स ने उनके साथ अभद्रता की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button