सिंगरौली
किसानों की आय बढ़ाने फसल विविधीकरण और उच्च मूल्य वाली खेती को दें बढ़ावा : कलेक्टर
खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। कलेक्टर अंकित अस्थाना ने कृषि एवं उससे जुड़े विभागों के अधिकारियों को किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण और उच्च मूल्य वाली खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। 3 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एपीसी बैठक में कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।
कलेक्टर ने खाद और बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनकी गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए। उर्वरकों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अनियमित वितरण पर कार्रवाई करते हुए गड़बड़ी मिलने पर एफआईआर दर्ज कराने और संबंधित विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड के दायरे में अधिक किसानों को शामिल करने के निर्देश भी दिए। नरवाई प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर, सुपर सीडर और रिपर जैसे कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा मंडियों में नियमित साफ-सफाई रखने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने अगले वर्ष शुरू होने वाली प्रेशराइज्ड सिंचाई प्रणाली की तैयारियां अभी से करने को कहा। उद्यानिकी विभाग को फल, मसाला, सब्जी और फूलों की खेती के नए क्लस्टर विकसित करने तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
सहकारिता विभाग को कवच योजना का प्रचार-प्रसार करने और दुग्ध समितियों के सभी सदस्यों के सहकारी बैंकों में खाते खुलवाने को कहा गया। मत्स्य पालन विभाग को जलाशयों में केज कल्चर बढ़ाने तथा पशुपालन विभाग को उच्च नस्ल के पशुओं के संवर्धन, कामधेनु योजना के लक्ष्य पूरे करने और नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप संचालक कृषि मनोज सिंह, उप संचालक उद्यानिकी एच.एल. निमोरिया, उपायुक्त सहकारिता पी.के. मिश्रा और उप संचालक मत्स्य विभाग मनोज अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



