होली मदर अकैडमी के बच्चों ने प्रदर्शनी के जरिए दिया स्वच्छ पर्यावरण का संदेश
घरेलू और अनुपयोगी वस्तुओं से तैयार किए दीपावली के आकर्षक सामान, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे हुए सम्मानित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
थानाभवन। कस्बे में स्थित होली मदर अकैडमी में दीपावली के अवसर पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने घरेलू एवं अनुपयोगी (वेस्ट) वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग कर मिट्टी के दीये, कैंडल, रंगोली और सजावट सहित दीपावली में काम आने वाली विभिन्न आकर्षक वस्तुएं तैयार कीं। बच्चों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शनी लगाकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी देखने के लिए बच्चों के अभिभावकों के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग भी पहुंचे। बच्चों ने प्रदर्शनी के माध्यम से संदेश दिया कि त्योहारों को प्रकृति और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सकता है। घरेलू एवं अनुपयोगी वस्तुओं का दोबारा उपयोग कर सुंदर और उपयोगी चीजें बनाई जा सकती हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ रचनात्मकता को भी बढ़ावा मिलता है।
विद्यालय प्रबंधक संगीत गोयल ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर पूर्व सभासद अनिल कुमार गोयल, सभासद नीरज गोयल उर्फ पाटी, आलोक कुमार, राकेश मित्तल, आकाश गोयल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

