ग्रेप-3 लागू, फिर भी लोनी में धूल का कहर
सड़कों की खुदाई से उड़ रहे धूल के गुबार, निर्माण कंपनी नियमों की कर रही अनदेखी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक स्थिति में पहुंच रहा है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेप-3 की पाबंदियां लागू किए जाने के बावजूद लोनी क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले कारकों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। लोनी की आबोहवा पहले से ही बेहद खराब है। कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कों पर दिन-रात उड़ते धूल के गुबार लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।लोनी-भौपुरा मुख्य मार्ग पर जल विभाग की ओर से सीवर लाइन डालने का कार्य कराया जा रहा है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है। आरोप है कि ग्रेप-3 की पाबंदियां लागू होने के बावजूद निर्माण कार्य में जुटी कंपनी द्वारा सड़क की खुदाई जारी रखी गई है। खुदाई के दौरान उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए न तो नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अन्य आवश्यक उपाय अपनाए जा रहे हैं।सड़क पर उड़ती धूल से आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दुपहिया वाहन चालकों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा और मुश्किल होता जा रहा है। धूल के कारण दृश्यता प्रभावित होने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
प्रदूषण के कई कारण बढ़ा रहे मुसीबत
लोनी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के पीछे केवल निर्माण कार्य ही जिम्मेदार नहीं है। सड़कों पर जमा मिट्टी और धूल, खुले में निर्माण सामग्री रखना, बिना ढके मिट्टी और मलबे का परिवहन, कच्ची सड़कों से उड़ती धूल, निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव न होना, सड़कों पर जमा कूड़ा जलाना, वाहनों से निकलने वाला धुआं तथा औद्योगिक इकाइयों से होने वाला उत्सर्जन भी प्रदूषण को बढ़ाने वाले प्रमुख कारक हैं।
नियमों के पालन पर उठे सवाल
ग्रेप-3 के तहत निर्माण और ध्वस्तीकरण से होने वाले धूल प्रदूषण पर कड़े प्रतिबंध और नियंत्रण के उपाय लागू हैं। इसके बावजूद लोनी-भौपुरा मार्ग पर जारी खुदाई और धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम न होने से संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, जल विभाग और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य का निरीक्षण कराया जाए। धूल रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव, निर्माण सामग्री को ढकने तथा सड़क से मिट्टी और मलबा हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदूषण की मार झेल रहे लोगों को राहत मिल सके।
