शामली
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बा स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को सड़क सुरक्षा जनजागरूकता के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में हुई। प्रतियोगिता का विषय ‘सड़क सुरक्षा में यातायात संकेतक’ रखा गया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से यातायात संकेतकों के महत्व, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया। छात्राओं ने रंगों और प्रभावशाली स्लोगनों के जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल प्रो. बृज भूषण, डॉ. बृजेश कुमार राठी, डॉ. लक्ष्मी गौतम एवं डॉ. अंकिता त्यागी ने किया। प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय वर्ष की तरन्नुम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए द्वितीय वर्ष की आरती और बीएससी प्रथम वर्ष की बुशरा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं बीए द्वितीय वर्ष की अरशी व सानिया तथा बीकॉम तृतीय वर्ष की नाजिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्याम बाबू ने किया।

