शामली
नगर पंचायत जलालाबाद में स्वास्थ्य एवं एचआईवी जांच शिविर आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जलालाबाद। नगर पंचायत जलालाबाद कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं एचआईवी/एड्स जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर मलिक ने किया। शिविर में नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ नगरवासियों की भी स्वास्थ्य जांच की गई तथा लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ की लक्षित हस्तक्षेप परियोजना (टीआई), शामली के अंतर्गत आयोजित शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों एवं नगरवासियों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और एचआईवी/एड्स से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
शिविर में स्वास्थ्य टीम ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच के साथ एचआईवी जांच भी की। टीम ने बीमारी के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर मलिक ने कहा कि किसी भी संस्थान की मजबूती उसके कर्मचारियों के अच्छे स्वास्थ्य पर निर्भर करती है। कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ऐसे शिविर आयोजित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने नगरवासियों से भी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर समय से जांच कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। शिविर में SOA/CBS CAMP के माध्यम से स्वास्थ्य एवं एचआईवी जांच की व्यवस्था की गई। साथ ही एड्स हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि सुनहैरा कोरी, पीएम अजीत श्रीवास्तव, काउंसलर सुशीला कलसन, ओआरडब्ल्यू अजय कुमार, ललिता रानी, सनोज कुमार सहित नगर पंचायत स्टाफ मौजूद रहा।