ललितपुर
थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

लापरवाही बरतने पर नहीं मिलेगी छूट
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना-पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। थाना समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयावधि में प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। डीएम एवं एसपी ने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पर गंभीरता से ध्यान दें, जिससे फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।



