साहेबगंज
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित,चालकों को दिलाई गई शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत उपायुक्त सह अध्यक्ष,जिला सड़क सुरक्षा समिति साहिबगंज दीपक कुमार दूबे के निर्देशानुसार मुफस्सिल थाना परिसर में वाहन चालकों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना रहा।इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग,निर्धारित गति सीमा का पालन,वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने तथा यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक अनुपालन करने की जानकारी दी गई।साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराते हुए सभी चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई एवं जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में गुड समारिटन नेक नागरिक योजना एवं गोल्डन आवर के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।चालकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे के भीतर समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना उसकी जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने तथा मानवीय संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।वही मौके पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह,रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पाराशर एवं आईटी सहायक राजहंस उपस्थित रहे।



