उत्तरकाशी

कंस वध और श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं से भक्तिमय हुआ उत्तरकाशी

यज्ञ में निर्धन कन्याओं हुए निःशुल्क विवाह संस्कार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : उत्तरकाशी में आयोजित श्री पंचकुंडीय लक्ष्मी नारायण गौ-गंगा प्रतिष्ठा महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिवस भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, कंस वध, गोपियों के साथ भगवान की लीलाओं तथा भक्तों से किए वादों को निभाने के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी महाराज ने श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से धर्म, प्रेम, भक्ति और लोककल्याण का संदेश दिया। इस अवसर पर दो निर्धन कन्याओं का निःशुल्क पाणिग्रहण संस्कार विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।

महायज्ञ एवं कथा के छठे दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः बद्री गौमाता के पूजन, अर्चन एवं वंदन के साथ हुआ। सायंकालीन कथा के उपरांत मणिकर्णिका घाट, उत्तरकाशी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी जी महाराज, वेदाचार्य एवं यज्ञ के मुख्य आचार्य प्रमोद केमनी, कथा समिति के परमाध्यक्ष स्वामी राघवानंददास जी महाराज, समिति के महासचिव भूपेश कुड़ियाल, मुख्य यजमान डॉक्टर हरिशंकर नौटियाल उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रुक्मणी नौटियाल उनके जेष्ठ डॉ0 भगवन नौटियाल उनके द्वितीय पुत्र एडवोकेट पवन नौटियाल उनके कनिष्ठ पुत्र एडवोकेट सुमन नौटियाल, कार्यकारी अध्यक्ष सूरतराम नौटियाल (पूर्व चारधाम उपाध्यक्ष), पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष आचार्य बुद्धि प्रसाद नौटियाल, डॉ. मुरली मनोहर भट्ट, अजय बड़ोला, आचार्य अनिल बहुगुणा, राघव उनियाल, परमेश्वर नौटियाल तथा आचार्य रामगोपाल पैन्यूली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने उत्तरकाशी की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धार्मिक नगरी उत्तरकाशी में पहली बार आयोजित पंचकुंडीय महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पुण्यदायी अवसर है। कथा के माध्यम से धर्म, संस्कार, सेवा एवं आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है। निर्धन कन्याओं का निःशुल्क विवाह संस्कार संपन्न कराया जाना समाज के लिए अनुकरणीय एवं सराहनीय पहल है। श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के माध्यम से धर्म एवं संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

निःशुल्क विवाह संस्कार से दो परिवारों में खुशियों का संचार

महायज्ञ एवं भागवत कथा के पावन अवसर पर दो निर्धन कन्याओं का निःशुल्क पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया। विवाह बंधन में बंधे जोड़ों में चि. अरविन्द, सुपुत्र मथुरा प्रसाद खण्डूड़ी एवं  भवानी, ग्राम गजोली, का विवाह आयु. वंदना, सुपुत्री कमला राम बधानी, ग्राम गणेशपुर के साथ तथा चि. विकास गैरोला, सुपुत्र सुन्दरलाल एवं माया देवी, ग्राम उदालका, का विवाह सौ. प्रभाती, सुपुत्री विनोद सेमवाल एवं सीता देवी, ग्राम मस्ताड़ी के साथ संपन्न हुआ। आयोजन समिति की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सहयोग मिला और धार्मिक आयोजन सेवा एवं मानवीय संवेदना का प्रेरक उदाहरण बना।

कथा के मुख्य यजमान डॉ. हरिशंकर नौटियाल सहित 51 यजमानों ने आयोजन में सहभागिता की। समिति द्वारा श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कथा श्रवण कर सनातन वैदिक संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा धर्म, सेवा और आध्यात्मिक चेतना के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।

24 नवंबर को श्रीमद्भागवत कथा का सप्तम दिवस एवं समापन होगा। कथा व्यास आचार्य सूर्यकांत बलूनी महाराज श्रीमद्भागवत महापुराण के शेष प्रसंगों का वर्णन करते हुए कथा को पूर्ण करेंगे तथा कथा का सुफल प्रदान करेंगे। व्यास द्वारा कथा महात्म्य के श्रवण को अत्यंत पुण्यदायी बताया गया है।

समिति के महासचिव भूपेश कुड़ियाल ने बताया कि उन्होंने उत्तरकाशी के समस्त धर्मप्रेमियों से अपील की है कि जो श्रद्धालु पिछले छह दिनों में कथा श्रवण नहीं कर पाए हैं, वे सप्तम दिवस पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा महात्म्य का श्रवण अवश्य करें। मान्यता है कि कथा महात्म्य श्रवण से संपूर्ण श्रीमद्भागवत कथा श्रवण का पुण्यफल प्राप्त होता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button