सिंगरौली
सिंगरौली पहुंचे डॉ. प्रवीण तोगड़िया, हिंदू साथी कार्यकर्ता सम्मेलन में हुए शामिल
बैढ़न के सामुदायिक भवन में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा पाठ कराने की घोषणा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया शुक्रवार को सिंगरौली पहुंचे। जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित हिंदू साथी कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने सहभागिता की। उनके आगमन पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान कई लोगों ने संगठन की सदस्यता भी ग्रहण की। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सम्मेलन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. तोगड़िया ने बताया कि जिले में हिंदू समाज के लोगों ने परिवार सहित कार्यक्रम में भागीदारी की। उन्होंने संगठन की आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि मंगलवार और शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किए जाएंगे। संगठन ने प्रत्येक जिले में 1,000 हनुमान चालीसा पाठ कराने का लक्ष्य रखा है।डॉ. तोगड़िया ने जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रस्तावित योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा पाठ से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जाएगी। इसके लिए एक फोन पर 10 प्रकार की मदद उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। इनमें मुफ्त राशन, इलाज और शिक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य 114 करोड़ हिंदू भाइयों तक सहयोग और सहायता पहुंचाना है।




