जिला स्तरीय उद्योग बन्धु की बैठक में MGRIWA ने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड । हापुड कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु की बैठक आयोजित हुई । इस बैठक में MGR Industrial Welfare Association (MGRIWA) की ओर से संस्थापक ए.के. गुप्ता जी, महासचिव बबलू चौधरी, उपाध्यक्ष धीरज कुमार तोमर एवं उपाध्यक्ष सुदीप चौधरी सम्मिलित हुए।बैठक में मसूरी-गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं एवं लंबित विकास कार्यों को प्रमुखता और मजबूती से प्रशासन के समक्ष रखा गया।
बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दे एवं प्राप्त आश्वासन
1. एमजी रोड पर सड़क एवं नाली निर्माण कार्य में देरी
* एमजी रोड पर चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
* सीडीओ महोदया अपनी पूरी टीम के साथ अगले सप्ताह औद्योगिक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगी।
* संबंधित ठेकेदार को लंबित कार्य पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
2. ग्राम चौना के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र की जल निकासी
* ग्राम चौना में रुके हुए नाले के निर्माण एवं उसे पक्का कराने का विषय उठाया गया।
* जिलाधिकारी महोदया पूर्व में ही आश्वासन दे चुकी हैं कि चुनाव के बाद इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
* औद्योगिक क्षेत्र की आंतरिक नालियों का निर्माण पूरा होने के बाद जल निकासी की व्यवस्था शुरू हो सकेगी, जिससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
3. मसूरी से औद्योगिक नहर की पटरी तक सड़क किनारे विकास कार्य
* नहर की पटरी पर सड़क के दोनों ओर खरंजा निर्माण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने का विषय विस्तार से रखा गया।
* इन कार्यों को जिला पंचायत द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है।
* सिंचाई विभाग को सड़क किनारे खड़े झाड़-झंखाड़ की कटाई एवं सफाई कराने के लिए कहा गया।
* इसके अतिरिक्त जिला पंचायत को सोलर लाइट लगाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
4. औद्योगिक क्षेत्र में ESIC डिस्पेंसरी की स्थापना
* औद्योगिक क्षेत्र में ESIC डिस्पेंसरी शुरू कराने का मुद्दा उठाया गया।
* जिला प्रशासन द्वारा ESIC विभाग एवं UPSIDA के माध्यम से लिखित कार्रवाई कराई जा रही है।
* उम्मीद है कि जल्द ही औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों एवं कर्मचारियों को ESIC डिस्पेंसरी की सुविधा उपलब्ध होगी।
5. खिचरा-हसनपुर रोड का चौड़ीकरण
* खिचरा से हसनपुर रोड को 5 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर कर दिया गया था
* संबंधित सड़क निर्माण कार्य का टेंडर अगले 3 से 4 महीनों में होने तथा इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
6. औद्योगिक क्षेत्र में देशी शराब की कैंटीन को शिफ्ट कराने का मुद्दा
* UPSIDA क्षेत्र में ICICI बैंक के नीचे, ऑक्सफोर्ड कॉलेज के पास संचालित देशी शराब की कैंटीन का मुद्दा उठाया गया।
* UPSIDA द्वारा पहले ही इसे बंद कराने के संबंध में नोटिस जारी किया जा चुका है।
* जिला प्रशासन द्वारा भी पुनः निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
* संबंधित कैंटीन को जल्द ही दूसरी जगह शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया गया है।
7. औद्योगिक क्षेत्र में दूरसंचार व्यवस्था में सुधार
* औद्योगिक क्षेत्र में दूरसंचार एवं नेटवर्क संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
* जिला प्रशासन द्वारा अगले 7 से 10 दिनों में संबंधित विभागों के माध्यम से कड़ी कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया।
एसोसिएशन का प्रयास
MGR Industrial Welfare Association लगातार औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों, श्रमिकों एवं कर्मचारियों की मूलभूत सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें मजबूती से रख रही है।
बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।



