हर पंचायत में बनेगा खेल मैदान, 81 विधानसभा क्षेत्रों में खुलेंगे 50 बेड के अस्पताल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्व बाल दिवस पर की घोषणा, सभी जिलों में पुस्तकालय और स्कूलों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विश्व बाल दिवस पर झारखण्ड के बच्चों और आम लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कांके स्थित आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ से जुड़े बाल पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य की सभी पंचायतों में खेल मैदान बनाए जाएंगे। साथ ही सभी जिलों में पुस्तकालय और सरकारी स्कूलों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करने का निर्देश दिया। वहीं, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों पर भी चिंता जताई। इधर, राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में 50 बेड वाले अस्पताल विकसित करने की योजना है। इसके तहत 47 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) और 86 केन्द्रों को अनुमंडलीय अस्पताल/एफआरयू के रूप में अपग्रेड करने पर विचार किया जा रहा है। अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए नये पद सृजन और आउटसोर्सिंग के विकल्पों पर भी मंथन किया गया है।


