भोपालराजनीतिराष्ट्रीय

टिकट देने की औकात किसकी’ बयान पर उमा भारती की सफाई

कहा- यह मेरा अहंकार नहीं... योग्यता से मिलती है जिम्मेदारी

भाजपा नेत्री उमा भारती ने औकात संबंधी बयान पर स्पष्टीकरण दिया।
उन्होंने कहा, सच यही कि हर बार उन्हें चुनाव लड़ने के लिए राजी किया गया।
उमा यह भी बोलीं कि जिम्मेदारी योग्यता और जनसेवा में योगदान से तय होती है।

भोपाल। आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट को लेकर दिए बयान पर सियासी चचार्ओं में घिरी भाजपा की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में दिया गया बयान अहंकार से प्रेरित नहीं था, बल्कि उनकी राजनीतिक यात्रा की वास्तविकता को दशार्ता है। उमा भारती के मुताबिक, पार्टी ने उन्हें कभी सीधे टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए राजी किया।
दरअसल, वृंदावन से भोपाल लौटते समय ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उनसे आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने को लेकर सवाल किया था। इस पर उमा भारती ने बेबाकी से कहा था कि टिकट देने की किसकी औकात है, यह वह खुद तय करती हैं कि चुनाव लड़ना है या नहीं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई थी और इंटरनेट मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की चचार्एं शुरू हो गई थीं।
‘मेरे जवाब पर भूचाल आ गया, ऐसा सोचा नहीं था’
विवाद बढ़ने के बाद उमा भारती ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया। उन्होंने लिखा कि ग्वालियर स्टेशन पर पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या पार्टी 2029 के लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट देगी। सवाल के जवाब में उनके मुंह से स्वाभाविक रूप से यह बात निकली, लेकिन उनके जवाब पर इतना बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा, इसकी उन्होंने कल्पना नहीं की थी।
उन्होंने स्पष्ट किय कि उनकी टिप्पणी किसी अहंकार का प्रदर्शन नहीं थी। उनका कहना था कि पार्टी ने उन्हें कभी टिकट नहीं दिया, बल्कि चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया और राजी किया।
योग्यता और योगदान से तय होती है जिम्मेदारी
उमा भारती ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के अनेक नेता सामान्य परिवारों से निकलकर निरंतर जनसेवा और संगठन में योगदान के दम पर ऊंचे मुकाम तक पहुंचे हैं। पार्टी में जिम्मेदारियां भी इसी प्रक्रिया के तहत मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावी टिकट को लेकर सवाल का वास्तविक अर्थ समझना जरूरी है। उनकी राय में किसी व्यक्ति को जिम्मेदारी देने के पीछे उसकी योग्यता, संगठन और जनता के लिए उसकी जरूरत तथा योगदान देने की क्षमता जैसे पहलू महत्वपूर्ण होते हैं। जनता और संगठन के कार्यकर्ता जब किसी व्यक्ति को स्वीकार करते हैं, तो उसे चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी भी मिलती है। टिकट मिलना तो एक वैधानिक प्रक्रिया है जो कि चुनाव आयोग के लिए पूरी करनी होती है।
शराबबंदी अभियान पर भी रखी बात
उमा भारती ने अपनी पोस्ट में शराबबंदी के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शराबबंदी पर भी यह सच्चाई है कि नीति बन चुकी है किन्तु फिर भी पुलिस के साथ जन प्रतिनिधियों की सजगता बहुत जरूरी है। शराबबंदी के लिए हमारा अभियान सफल था क्योंकि समग्रता के साथ एक नीति बन गई थी। अब उसकी निगरानी में सबसे बड़ी भूमिका जन प्रतिनिधियों की रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button