
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र शहर में लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक पुलिस टीम के साथ सड़कों पर उतरे और विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान आमजन से संवाद करते हुए उन्होंने लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। एसपी सिटी ने बताया कि होली के मद्देनज़र चिन्हित सभी संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम तथा क्षेत्राधिकारी तृतीय पंकज श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के अवसर पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता रहेगी।



