
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। गुप्त सूचना के आधार पर पाकुड़ पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष जांच टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लॉटरी कारोबार का पर्दाफाश किया। यह कार्रवाई पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमजद मोड़ स्थित सैजुल शेख की पान गुमटी/दुकान पर की गई। पुलिस टीम जैसे ही सर्च ऑपरेशन के लिए पहुंची, आरोपी सैजुल शेख पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस की तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न कंपनियों की अवैध लॉटरी टिकटें बरामद की गईं। इस संबंध में पाकुड़ मुफस्सिल थाना कांड संख्या 23/2026 दर्ज कर नामजद आरोपी सैजुल शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
माफियाओं पर कब कसेगा शिकंजा?
गौरतलब है कि अवैध लॉटरी कारोबार में अक्सर गरीब और असहाय तबके के लोग ही पुलिस की गिरफ्त में आते हैं, जबकि इस अवैध धंधे के असली सरगना और माफिया अक्सर कानून की पकड़ से बाहर रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि यदि पुलिस प्रशासन इस अवैध कारोबार के मुख्य संचालकों पर सख्ती से कार्रवाई करे, तो कई गरीब परिवार इस गैरकानूनी गतिविधि में फंसने से बच सकते हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध लॉटरी माफियाओं पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज के कमजोर वर्गों का शोषण रोका जा सके।



