औद्योगिक गलियारा, हजार हेक्टेयर भूमि की तलाश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बरेली जनपद में औद्योगिक विकास की कवायद शुरू हो गयी है। जनपद में एक हजार हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए मंजूरी मिली है। यह औद्योगिक गलियारा निर्माणाधीन, प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्यीय राजमार्ग या अन्य ऐसे मार्ग पर बनाया जाएगा, जहां से औद्याेगिक क्षेत्र के लिए आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके। उप्र एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीपक कुमार का पत्र डीएम के पास पहुंचने के बाद भूमि की तलाश शुरू हो गयी है।
यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए शासन के निर्देश पर यूपीडा वर्तमान में 42 जनपदाें में औद्योगिक गलियारा विकसित कराने के लिए प्रयारसत है। निवेशकों की अभिरुचि के मद्देनजर बरेली सहित अन्य जनपदों में भी औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाना है। औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए करीब एक हजार हेक्टेयर भूमि का अर्जन कई मानकों को ध्यान में रखते किया जाना है। भूमि निर्मित/निर्माणाधीन या प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्यीय राजमार्ग या अन्य ऐसे मार्ग पर स्थित होनी चाहिए जिससे औद्योगिक क्षेत्र से आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके।



