
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे में बिजलीघर के पास फल की ठेली से रोजा खोलने के लिए फल लेने आए युवक पर कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक युवक ने तमंचे के बट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए ऊन सीएचसी भिजवाया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
रविवार शाम करीब छह बजे कस्बे के बिजलीघर के पास फल की ठेलियां लगी हुई थीं। इसी दौरान जिजौला निवासी इसरार रोजा खोलने के लिए फल लेने ठेली पर पहुंचा था। उसी समय बल्ला माजरा के आठ-दस युवक भी वहां मौजूद थे और रोजा खोलने के लिए फल खरीद रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बल्ला माजरा के युवकों ने इसरार के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है मारपीट के दौरान एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और उसके बट से इसरार के सिर पर वार कर दिया। वार लगते ही इसरार मौके पर ही गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए ऊन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। आरोपितों के घरों पर दबिश दी गई है, लेकिन फिलहाल सभी फरार हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

