कैराना
जुगाड़ू वाहन की टक्कर से एर्टिगा कार क्षतिग्रस्त, चालक फरार
कैराना बाईपास पर हुआ हादसा, कार सवार लोग सुरक्षित
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कैराना बाईपास मार्ग पर गुरुवार को ईंटों से भरे एक जुगाड़ू वाहन ने एर्टिगा कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद जुगाड़ू वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जनपद के गांव बिराल निवासी कुछ लोग एर्टिगा कार से कैराना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार कैराना बाईपास मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से कैराना की ओर से आ रहे ईंटों से लदे तेज रफ्तार जुगाड़ू वाहन ने लापरवाहीपूर्वक चलते हुए कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हालांकि हादसे में कार सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद जुगाड़ू वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास मार्ग पर जुगाड़ू वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं कार सवार लोगों ने स्थिति संभालने के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।