गोड्डा

पोड़ैयाहाट–सुगाबथान टोल प्लाजा हटाने की मांग तेज

28 किमी में दो टोल से लोग परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट : एनएचएआई के एनएच-133 पर चौपामोड़ से हंसडीहा-महागामा मार्ग के बीच पोड़ैयाहाट-सुगाबथान में लगाए गए टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसे लेकर संबंधित विभाग को ज्ञापन देकर टोल प्लाजा हटाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि चौपामोड़ से हंसडीहा-महागामा तक सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य दो चरणों में कराया गया। पहले चरण का काम पूरा होने के बाद दुमका जिले के सरैयाहाट स्थित कोठिया के पास टोल प्लाजा स्थापित कर पिछले लगभग छह वर्षों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। वहीं दूसरे चरण का कार्य पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद पोड़ैयाहाट-सुगाबथान के पास दूसरा टोल प्लाजा लगाकर वसूली शुरू कर दी गई है। दोनों टोल प्लाजा के बीच की दूरी मात्र 28 किलोमीटर बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि दो टोल प्लाजा के कारण किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, स्कूली बच्चों, अधिवक्ताओं तथा कोर्ट-कचहरी आने-जाने वाले लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। गोड्डा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महज 20 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए भी करीब 120 रुपये टोल देना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार की 5 दिसंबर 2008 की अधिसूचना के अनुसार एक ही राष्ट्रीय राजमार्ग के एक ही सेक्शन में 60 किलोमीटर के भीतर दूसरा टोल प्लाजा स्थापित नहीं किया जा सकता। साथ ही केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari द्वारा भी 22 मार्च 2022 को इसी नियम के अनुरूप घोषणा की गई थी।अतः जनहित को ध्यान में रखते हुए पोड़ैयाहाट टोल प्लाजा पर तत्काल रोक लगाने तथा इसे हटाने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button