रांची

गैस सिलेंडर की किल्लत पर झारखंड विधानसभा में हंगामा, सत्ता पक्ष का प्रदर्शन

Ruckus in Jharkhand Assembly over gas cylinder shortage, ruling party protests

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती महंगाई को लेकर सदन का माहौल गरमा गया। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई, वहीं विधानसभा परिसर के बाहर सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों ने गैस सिलेंडर लेकर विधानसभा परिसर में नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की बढ़ती कीमतों तथा गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा उठाया। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है और ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की कमी से लोग परेशान हैं। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भी महंगाई और गैस संकट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इधर भाजपा विधायकों ने सत्तापक्ष के प्रदर्शन को राजनीतिक बताया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गंभीर मुद्दों पर बहस करने के बजाय हंगामा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से झारखंड में भी गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें देखी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button