मैट्रिक मूल्यांकन पर प्रशासन सख्त
महागामा केंद्र पर डीईओ मिथिला टुडू का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की गहन जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
– एक-एक कक्ष में पहुंचकर परखी मूल्यांकन प्रक्रिया
– स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर भी खास नजर
महागामा : मैट्रिक परीक्षा के मूल्यांकन कार्य को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में महागामा स्थित जय नारायण उच्च विद्यालय में बनाए गए मूल्यांकन केंद्र का जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मिथिला टुडू ने औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से केंद्र पर हड़कंप मच गया और व्यवस्थाओं की गहन जांच शुरू हो गई। निरीक्षण के दौरान डीईओ ने औपचारिकता से इतर हर कक्ष में जाकर मूल्यांकन कार्य का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मूल्यांकन में लगे शिक्षकों से सीधे संवाद कर प्रक्रिया की पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति को लेकर जानकारी ली। साथ ही कॉपियों के रख-रखाव और जांच की व्यवस्था को भी परखा। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया, जहां विभिन्न जिलों से आई मैट्रिक की कॉपियां सुरक्षित रखी गई हैं। उन्होंने सुरक्षा, गोपनीयता और निगरानी व्यवस्था की जांच करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों ने बताया कि केंद्र पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा नहीं आ रही है।निरीक्षण के बाद डीईओ ने केंद्र प्रभारी मोहम्मद खालिद तमीज को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मूल्यांकन कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही कॉपियों की सुरक्षा और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने को कहा।औचक निरीक्षण के जरिए जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि मैट्रिक मूल्यांकन जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन आगे भी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।



