गोड्डा

कोलुआ गांव में “जल अर्पण दिवस” का आयोजन, जल संरक्षण का दिया संदेश

 जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत ग्रामीणों को किया गया जागरूक, महिलाओं की भागीदारी रही अहम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत गुरुवार को पथरगामा प्रखंड के चिलरा पंचायत अंतर्गत कोलुआ गांव में “जल अर्पण दिवस” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान एवं मुखिया की संयुक्त अध्यक्षता में SVS योजना स्थल पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय परंपरा के अनुसार गांव की महिलाओं द्वारा लोटा-पानी से अतिथियों के स्वागत के साथ की गई, जो जल के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक रहा। इसके बाद संताली भाषा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जल बंधन, जल रक्षा, जल वंदना, जल संकल्प एवं जल श्रृंगार जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी। कार्यपालक अभियंता ने अपने संबोधन में जल अर्पण दिवस के महत्व, हर घर नल से जल योजना, भूजल संरक्षण और जल प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पेयजल आपूर्ति के रखरखाव, वर्षा जल संचयन एवं जलकर के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया एवं जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जल सहिया द्वारा फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से जल की गुणवत्ता जांच का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, वार्ड सदस्य एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button