गाजियाबाद
लोनी में करंट की चपेट में आई महिला, हालत गंभीर
सभासद ने बिजली विभाग की लापरवाही पर उठाए गंभीर सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक महिला करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। सूत्रों से जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 11 बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि मनीष विहार, प्लॉट नंबर 1, गली नंबर 1 स्थित फ्लैट (FF-2, DLF) में रेनू अग्रवाल पुत्री हरि चरण अग्रवाल नामक महिला को करंट लग गया है और उसकी हालत गंभीर है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां रेनू अग्रवाल अचेत अवस्था में अपने फ्लैट की बालकनी में पड़ी मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ में बताया कि यह महिला करीब एक महीने पहले ही इस फ्लैट में रहने आई थी और अकेली रहती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बालकनी में मौजूद विद्युत तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लोनी भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जीटीबी अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस द्वारा महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के सभासद रामनिवास त्रिपाठी ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में लटकते बिजली के तारों और अव्यवस्थित विद्युत लाइनों के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
सभासद ने यह भी कहा कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है और ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर अवैध वसूली तक की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सभी की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
