ललितपुर

ओलावृष्टि से तबाही

मुआवजे की मांग पर किसानों ने लगाया जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। बार क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद होने के बाद किसानों ने सेमराभागनागर तिराहे (बानपुर रोड) पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों किसान सड़क पर बैठ गए और मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे, जिससे यातायात बाधित हो गया। इस दौरान एक किसान पेड़ पर चढ़ गया और फांसी लगाने की बात कहने लगा, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कल्याण सिंह लोधी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीएम महरौनी अवनीश कुमार और तहसीलदार भानुप्रताप भी पहुंचे और किसानों को समझाया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फसल नुकसान का जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो गया। किसानों का कहना है कि कर्ज लेकर बोई गई फसल ओलावृष्टि में पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे वे आर्थिक संकट में हैं। ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बाद किसानों ने उपजिलाधिकारी महरौनी को ज्ञापन सौंपकर भी मुआवजे की मांग की। ज्ञापन में ग्राम चिगलौवा (बुरागांव) सेमराभागनगर, टोरिया, भैलोनीलोध, फाडारी, दशरारा, बरारावनी, सहित आसपास के गांवों की फसलों के पूर्ण नुकसान का उल्लेख करते हुए राजस्व टीम से तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की गई। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख जेपी रजक, रामकुमार नायक, कुलदीप कटारे, प्रधान दिनेश (सेमराभागनगर) और अखिलेश पाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button