बीएसए के औचक निरीक्षण में विद्यालयों की खुली पोल
ककडारी व कडेसराकलां के स्कूलों में मिलीं गंभीर खामियां

शिक्षामित्र व शिक्षक मिले अनुपस्थित, प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं और विद्यालयों में शिक्षण कार्य की हकीकत जानने के लिए बीएसए रत्नेश कुमार ने विकास खंड तालबेहट के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं पठन-पाठन एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं तो कई विद्यालयों में शिक्षकों की लापरवाही, अनुपस्थिति, गंदगी, खराब शौचालय, उपस्थिति पंजिकाओं में अनियमितता और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में कमी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। बीएसए ने संबंधित विद्यालयों के जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। बीएसए ने सुबह 8.20 बजे कम्पोजिट प्राथमिक विद्यालय ककडारी का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रार्थना स्थल पर केवल एक शिक्षक की मौजूदगी में प्रार्थना कराई जा रही थी, जबकि अन्य शिक्षक कक्षों में बैठे पाए गए। शिक्षामित्र रजनी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति भी मात्र 25 रही। विद्यालय का भौतिक परिवेश असंतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया गया। सुबह 8.35 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय बम्हौरीसर के निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक स्मिता तिवारी उपस्थित मिलीं और बच्चे प्रार्थना करते पाए गए। इसके बाद सुबह 8.40 बजे पीएमश्री विद्यालय प्राथमिक स्तर बम्हौरीसर का निरीक्षण किया गया। यहां बच्चों को योगाभ्यास कराया जा रहा था। बच्चों की उपस्थिति संतोषजनक रही और विद्यार्थी गणवेश में मिले। वहीं सुबह 8.50 बजे प्राथमिक विद्यालय बम्हौरीसर में शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित मिला। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सुबह 9 बजे प्राथमिक विद्यालय टेकरी के निरीक्षण में छात्रों की संख्या बेहद कम पाई गई। विद्यालय परिसर में भी साफ-सफाई का अभाव मिला। बीएसए ने समस्त स्टाफ को विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार करने और शैक्षिक वातावरण बेहतर बनाने के निर्देश दिए। सुबह 9.15 बजे प्राथमिक विद्यालय कत्क्याई कडेसराकलां के निरीक्षण में शिक्षामित्र रजिया बानों और रीता सोनी एक कक्ष में बैठकर भोजन करती मिलीं, जबकि विद्यालय के बच्चे बाहर खेल रहे थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी, अपूर्ण रंगाई-पुताई और जीर्ण-शीर्ण शौचालय की स्थिति सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सुबह 9.35 बजे पूर्व माध्यमिक विद्यालय कडेसराकलां के निरीक्षण में कर्मचारियों की दो अलग-अलग उपस्थिति पंजिकाएं संचालित होने की बात सामने आई। वहीं मध्याह्न भोजन के तहत तैयार की जा रही तहरी मेन्यू के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। विद्यालय का हैंडवॉश भी अक्रियाशील पाया गया और परिसर में गंदगी मिली। निरीक्षण में बच्चों का शैक्षिक स्तर भी असंतोषजनक पाया गया। इन कमियों पर संबंधित जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सुबह 9.40 बजे कन्या प्राथमिक विद्यालय कडेसराकलां के निरीक्षण में सहायक अध्यापक प्रिन्सी पटेल बिना सूचना के अनुपस्थित मिलीं। हालांकि विद्यालय में बच्चों का शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया। औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर बीएसए रत्नेश कुमार ने संबंधित प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, स्वच्छता, बेहतर शैक्षिक वातावरण और निर्धारित मानकों के अनुरूप मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बीएसए के औचक निरीक्षण से विद्यालयों में हड़कम्प की स्थिति रही और विभागीय अमले में भी जिम्मेदारी के प्रति सतर्कता बढ़ी है।



