जामताड़ा: आईटीआई में रोजगार मेला, 26 युवाओं को नौकरी
Jamtara: Employment fair at ITI, 26 youth get jobs

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के निर्देश पर मंगलवार को जिला नियोजनालय के सौजन्य से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू एवं अन्य द्वारा किया गया। रोजगार मेले को संबोधित करते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि जो अब तक नियोजनालय में निबंधन नहीं करा पाए हैं, वे झार नियोजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन या कार्यालय आकर अपना निबंधन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में मिलने वाले अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि मेले में निजी क्षेत्र की 9 कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें कृष्णा प्राइवेट आईटीआई (रांची), पेशेंट केयर सर्विसेज (रांची), बिरसा सुपर सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन स्किल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (हुगली), टेगेंट कंस्ट्रक्शन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, केके एंटरप्राइजेज/हाईली इलेक्ट्रिकल (अहमदाबाद), मैक्स अलर्ट सिस्टम लिमिटेड, पारस अस्पताल (जामताड़ा) और एचआर इंडस्ट्रीज (जालंधर) शामिल थीं। मेले में 26 युवाओं का ऑनस्पॉट चयन किया गया, जबकि 41 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया। इस अवसर पर आईटीआई जामताड़ा के प्रभारी प्राचार्य दिलीप कुमार, उच्च वर्गीय लिपिक महेश आनंद, यूएनडीपी के प्रवीण प्रकाश, नियोजन कार्यालय के कर्मी संजय कुमार सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



