जामताड़ा
करमाटांड़ में ट्रैफिक हवलदार से मारपीट
जाम हटाने गए पुलिसकर्मी का पकड़ा कॉलर, दो गिरफ्तार, एक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गणपत चौक के पास शुक्रवार शाम ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक हवलदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सड़क पर जाम हटाने को लेकर हुए विवाद में टोटो चालक और उसके साथियों ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद संध्या गश्ती दल ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से भाग गया।मिली जानकारी के अनुसार, करमाटांड़ थाना में ट्रैफिक हवलदार के पद पर प्रतिनियुक्त मसुधन हांसदा (43 वर्ष) करीब 4 बजे गणपत चौक के पास ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान करमाटांड़ से मधुपुर की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का जाम लग गया। हवलदार जब आगे स्टेशन की ओर गए तो देखा कि एक इलेक्ट्रिक टोटो बीच सड़क पर खड़ा है, जिसके कारण जाम लगा हुआ था।बताया जाता है कि जब हवलदार ने जाम हटाने के लिए टोटो को बगल करने का प्रयास किया, तभी टोटो चालक वहां आ गया और धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा और हवलदार का कॉलर पकड़ लिया। इसी बीच बगल से दो लड़के भी वहां आ गए और धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगे।
हवलदार ने जब उन्हें सड़क जाम होने के कारण टोटो हटाने की बात समझाने का प्रयास किया, तो दोनों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। इससे सड़क पर काफी जाम हो गया।इसी बीच वहां संध्या गश्ती दल पहुंचा। उपस्थित बल द्वारा टेम्पो चालक और एक लड़के को पकड़ा गया, जबकि एक अन्य लड़का वहां से भाग गया। इसके बाद जाम वाली सड़क को खाली कराया गया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान टोटो चालक पांशु शेख (22 वर्ष), पिता रफिक शेख, फुकबंदी, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा तथा दूसरे लड़के मंथन गुप्ता (29 वर्ष), पिता मुरली प्रसाद गुप्ता, करमाटांड़, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है। इसके बाद गश्ती दल दोनों को थाना लेकर चली गई।इस संबंध में हवलदार ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर कर्तव्य पर प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज, मारपीट करने तथा विधि-व्यवस्था भंग करने के लिए दोनों आरोपियों एवं भागे हुए एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


